लायंस क्लबों की पहल से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों में जागी पर्यावरण चेतना

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 25 अप्रैल। लायंस इंटरनेशनल पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत शहर के विभिन्न लायंस क्लबों ने जैन विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लेकर प्रकृति संरक्षण का संदेश रंगों के माध्यम से व्यक्त किया।

गौहाटी ग्रेटर, गुवाहाटी प्राइड, गुवाहाटी परवरिश, गुवाहाटी लाइफ और गुवाहाटी स्मार्ट सिटी क्लबों के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय “पर्यावरण” रखा गया था। प्रतियोगिता तीन वर्गों में हुई और प्रत्येक वर्ग से दो श्रेष्ठ प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क अधिकारी नीरू काबरा और क्षेत्रीय अध्यक्ष रूपा गग्गर ने उपस्थित रहकर छात्रों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन के समन्वयन में विभिन्न क्लबों के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम सुचारु रूप से सम्पन्न हो सका।

प्रतिभागी छात्रों को जूस और चिप्स वितरित किए गए। आयोजन के अंत में लायंस क्लब के प्रतिनिधियों ने विद्यालय प्रबंधन, विशेषकर प्राचार्या रश्मि ठोलिया, के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *