होजाई के शंकरदेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 100% परिणाम के साथ छात्रों ने किया नाम रोशन
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
असम उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में शंकरदेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल (शंकरदेव जूनियर कॉलेज) के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान और जिले का गौरव बढ़ाया है।
वाणिज्य शाखा के मेधावी छात्र चिराग मोर और युवराज सिंह ने 97% अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं रौनक अग्रवाल ने 96% अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की।
विद्यालय के प्राचार्य तपन कर ने बताया कि इस वर्ष तीनों संकाय—कला, वाणिज्य और विज्ञान—में 100% परिणाम रहा, जिससे वे अत्यंत उत्साहित हैं।
कला संकाय में 101 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, 7 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक, 27 ने 80% से अधिक और 68 विद्यार्थियों ने 75% से अधिक अंक हासिल किए। सर्वोच्च अंक 93.4% रहा।
वाणिज्य संकाय में 109 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, 15 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक, 49 ने 80% से अधिक और 59 विद्यार्थियों ने 75% से अधिक अंक प्राप्त किए। इस संकाय में सर्वोच्च अंक 97% रहा।
विज्ञान संकाय में 50 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, 7 ने 80% से अधिक और 9 विद्यार्थियों ने 75% से अधिक अंक हासिल किए। सर्वोच्च अंक 89% रहा।
सफल छात्र चिराग मोर और युवराज सिंह ने अपनी उपलब्धि का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता के आशीर्वाद को देते हुए बताया कि वे भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहते हैं। वहीं रौनक अग्रवाल ने कहा कि शिक्षकों के सकारात्मक मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई।
विद्यालय के इस उत्कृष्ट परिणाम पर शिक्षकों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

