110 वर्षों की सेवा का उत्सव: श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय मनाएगा भव्य स्थापना दिवस
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 30 अप्रैल। समाज सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुकी प्रतिष्ठित संस्था श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय आगामी 16 मई को अपना 110वां स्थापना दिवस अत्यंत गरिमामय और भव्य रूप से मनाने जा रही है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए संस्था द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
हाल ही में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस समारोह को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे संस्था की 110 वर्षों की गौरवशाली यात्रा के उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जाए। इस दौरान संस्थान की स्थापना से लेकर अब तक के योगदान और सेवा-परंपरा को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी इस विरासत से जुड़ सके।
मारवाड़ी हॉस्पिटल्स (अंतर्गत श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय) के तत्वावधान में 16 मई को माछखोवा स्थित प्रागज्योतिष आईटीए सेंटर में एक भव्य समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों, गणमान्य व्यक्तियों, दानदाताओं, चिकित्सकों और आम नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है।
इसी क्रम में गुरुवार को 110वें स्थापना वर्ष के प्रतीक के रूप में विशेष रूप से तैयार किए गए लोगो (प्रतीक चिह्न) और बैज का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर मारवाड़ी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष शरत् जैन, सचिव किशोर साबू, डीएमएस जयंत कुमार शर्मा, अस्पताल अधीक्षक रोहित उपाध्याय तथा कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप भुवालका, संजय संथोलिया, मनीष अग्रवाल, विवेक सांगानेरिया और प्रेरणा अग्रवाल उपस्थित रहे।
अध्यक्ष शरत् जैन ने इस अवसर पर कहा कि, “110 वर्षों की यह यात्रा सेवा, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरक कहानी है। हमारे पूर्वजों द्वारा रोपा गया यह सेवा का बीज आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक क्षण के सहभागी बनें।”
वहीं, सचिव किशोर साबू ने जानकारी दी कि इस विशेष वर्ष को जन-उत्सव का स्वरूप देने के उद्देश्य से संस्था द्वारा 110 प्रकार की निःशुल्क सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिलेगा। इसी पहल के तहत 3 मई को आठगांव स्थित मारवाड़ी हॉस्पिटल्स परिसर में निःशुल्क कार्डियोलॉजी ओपीडी शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आदित्य भास्कर मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श देंगे।
उल्लेखनीय है कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए अस्पताल प्रबंधन और कार्यकारिणी सदस्य पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।

