जोरहाट में भाजपा की जबरदस्त जीत, गौरव गोगोई पर भारी पड़े हितेंद्र नाथ गोस्वामी

थर्ड आई न्यूज़

जोरहाट से नीरज खंडेलवाल

असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत जोरहाट विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने उल्लेखनीय जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई को 23,182 मतों के अंतर से पराजित किया।

आधिकारिक मतगणना के अनुसार, गोस्वामी को कुल 69,439 मत प्राप्त हुए, जबकि गौरव गोगोई 46,257 मतों तक ही सीमित रहे। अन्य प्रत्याशियों में आम आदमी पार्टी के प्रणब प्रियंकुश दत्ता को 701 तथा एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के हेमंता कुमार पेगू को 581 मत मिले। वहीं, 1,319 मतदाताओं ने ‘नोटा’ का विकल्प चुना।

मतगणना के सभी 14 चरणों में भाजपा उम्मीदवार ने लगातार बढ़त बनाए रखी, जिससे उनकी जीत शुरू से ही लगभग तय मानी जा रही थी। रुझानों में भी शुरुआत से भाजपा को बढ़त मिलती रही, जो अंत तक कायम रही।

जोरहाट, जिसे ऊपरी असम का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है, वहां इस बार मतदाताओं ने सत्ता पक्ष के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पुत्र गौरव गोगोई के लिए यह पहली विधानसभा चुनावी परीक्षा थी, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह परिणाम राज्य में बदलते राजनीतिक रुझानों की ओर संकेत करता है, जहां मतदाता स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दे रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में भाजपा की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती का असर भी इस परिणाम में परिलक्षित हुआ है।

इस जीत के साथ ही ऊपरी असम में भाजपा की स्थिति और सुदृढ़ हुई है। वहीं, कांग्रेस के लिए यह परिणाम आत्ममंथन का अवसर लेकर आया है, विशेषकर तब जब पार्टी का प्रमुख चेहरा ही अपनी सीट नहीं बचा सका।

फिलहाल, गौरव गोगोई की ओर से इस हार पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *