रूपरेखा सैकिया की मौत पर मोरिकलंग में उबाल, महिलाओं ने किया सड़क जाम
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव शहर के मोरिकलंग स्थित सेउज नगर में 24 अप्रैल की तड़के हुई भयावह डकैती की घटना में गंभीर रूप से घायल रूपरेखा सैकिया का आज तड़के लगभग 3:30 बजे गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। 17 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
शाम करीब पांच बजे जैसे ही रूपरेखा सैकिया का पार्थिव शरीर मोरिकलंग पहुंचा, स्थानीय महिलाओं और लोगों ने पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-36 पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रदर्शनकारियों ने डकैती के दौरान हुई रूपरेखा सैकिया की मौत को हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग उठाई। शव पहुंचने के समय पुलिस के मौके पर मौजूद नहीं रहने को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने न्याय की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मोरिकलंग इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय महिलाओं ने क्षेत्र में ड्रग्स और अवैध शराब के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि खुलेआम नशे का कारोबार होने के बावजूद प्रशासन सख्त कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस समस्या पर तत्काल नियंत्रण किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि डकैती की घटना के बाद पुलिस जांच के लिए आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर आई थी। अब उन्हें दोबारा इलाके में लाकर जनता के सामने पेश किया जाए, ताकि लोगों का विश्वास बहाल हो सके।
सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में नगांव पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस जघन्य डकैती कांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

