ओमप्रकाश प्रमिला देवी स्मृति न्यास की पहल: होजाई में निःशुल्क सामूहिक विवाह योजना की घोषणा
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुन्दड़ा
आर्थिक रूप से साधारण एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से लंका स्थित ओमप्रकाश प्रमिला देवी स्मृति न्यास ने निःशुल्क सामूहिक विवाह योजना की घोषणा की है। न्यास के निदेशक रोहित अग्रवाला के नेतृत्व में शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य जरूरतमंद जोड़ों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की शुरुआत में सहयोग प्रदान करना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सामूहिक विवाह आयोजन में विवाह से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्वान पुरोहितों द्वारा पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया जाएगा। साथ ही होजाई जिला प्रशासन के सहयोग से सरकारी विवाह पंजीयन की व्यवस्था भी की जाएगी।
न्यास की ओर से विवाह समारोह के लिए आकर्षक स्थल, पेशेवर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, भोजन व्यवस्था तथा नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत हेतु विशेष उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
इच्छुक जोड़ों को 31 मई तक लंका के स्टेशन रोड स्थित अग्रवाला जल उत्पाद (रेन वाटर) कार्यालय में अपना पंजीकरण कराना होगा। अधिक जानकारी के लिए मनजित (9365115383) अथवा दिवाकर (7577916062) से संपर्क किया जा सकता है।
न्यास के निदेशक रोहित अग्रवाला ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवन-यापन लागत के बीच यह पहल जरूरतमंद परिवारों के लिए एक सम्मानजनक और किफायती विकल्प साबित होगी। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास है।

