असम सरकार का बड़ा फैसला: मंत्रियों के काफिले होंगे छोटे, छह महीने तक नहीं होंगे भौतिक सेमिनार
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I नई असम सरकार के शपथ ग्रहण के बाद आयोजित पहली कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसलों की घोषणा की। साथ ही आगामी असम विधानसभा सत्र की रूपरेखा भी साझा की गई।
गुवाहाटी में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रियों के विभागों का बंटवारा अभी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि असम विधानसभा का सत्र 21, 22, 25 और 26 मई को आयोजित होगा। इस दौरान नवनिर्वाचित विधायक शपथ ग्रहण करेंगे तथा राज्यपाल सदन को संबोधित करेंगे। सरकार ने राज्यपाल से वरिष्ठ विधायक चंद्र मोहन पटवारी को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त करने का अनुरोध भी किया है।
कैबिनेट बैठक में अगले छह महीनों तक सरकारी खर्चों में कटौती के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए। इसके तहत मुख्यमंत्री और राज्यपाल सहित सभी मंत्रियों के काफिलों का आकार छोटा किया जाएगा।
सरकार ने यह भी फैसला लिया है कि आगामी छह महीनों तक सरकारी उपयोग के लिए किसी भी विदेशी निर्मित वस्तु का आयात नहीं किया जाएगा।
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में सरकार ने अगले छह महीनों तक विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित होने वाले सभी भौतिक सेमिनार और कार्यशालाओं पर रोक लगाने की घोषणा की। हालांकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकें और सम्मेलन जारी रहेंगे।
ये सभी निर्णय मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में लिए गए।

