टंगला में मारवाड़ी सम्मेलन की 117वीं शाखा का गठन, “हर घर सम्मेलन–घर-घर सम्मेलन” अभियान को मिली नई गति
थर्ड आई न्यूज़
टंगला । पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के संगठन विस्तार अभियान को आगे बढ़ाते हुए टंगला में सम्मेलन की नई शाखा का विधिवत गठन किया गया। सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय सलाहकार रमेश अग्रवाल (चौधरी) तथा प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज काला के नेतृत्व में आयोजित इस दौरे के दौरान समाजबंधुओं के साथ व्यापक संवाद स्थापित कर संगठन की गतिविधियों एवं भावी योजनाओं पर चर्चा की गई।
दौरे के प्रथम चरण में प्रतिनिधिमंडल ने गोरेश्वर शाखा का भ्रमण किया, जहाँ शाखाध्यक्ष सागरमल अग्रवाल की उपस्थिति में एक अनौपचारिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य बिजय अग्रवाल, आनंद जैन, संजय सुराणा, मणिशंकर चौधरी, चांदमल चौधरी, सेंकी अग्रवाल सहित अनेक समाजबंधु एवं शाखा सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान शाखा द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित सामाजिक गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने हाल ही में मोरानहाट में सम्पन्न प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक एवं प्रांतीय सभा की जानकारी साझा की। उन्होंने गुवाहाटी में निर्माणाधीन मारवाड़ी सम्मेलन छात्रावास परियोजना की प्रगति से भी सभी को अवगत कराया तथा समाज के सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया।
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल टंगला पहुँचा, जहाँ क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी गिरीराज व्यास एवं सुशील महेश्वरी सहित स्थानीय समाजबंधुओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के उद्देश्यों, सामाजिक सरोकारों तथा समाज हित में संगठन की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। विचार-विमर्श के उपरांत एक तदर्थ समिति का गठन किया गया तथा स्थानीय समाजबंधुओं से व्यक्तिगत संपर्क एवं संवाद के माध्यम से टंगला में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन की 117वीं शाखा का गठन किया गया।
उल्लेखनीय है कि सम्मेलन के महत्वाकांक्षी “हर घर सम्मेलन–घर-घर सम्मेलन” अभियान के अंतर्गत वर्तमान सत्र 2025-27 में यह 34वीं नई शाखा है। सम्मेलन पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित टंगला शाखा स्थानीय समाज को संगठित करने, सामाजिक एकता को सुदृढ़ बनाने तथा शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

