प्रदूषण फैलाने के आरोप में नगांव का आदित्य स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट सील, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव शहर के मध्य स्थित प्रसिद्ध व्यावसायिक प्रतिष्ठान आदित्य स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट को जिला प्रशासन ने सोमवार को सील कर दिया। शहर के जयश्री सिनेमा हॉल चौराहे पर स्थित इस प्रतिष्ठान के खिलाफ लंबे समय से पर्यावरण प्रदूषण और अस्वच्छता फैलाने की शिकायतें मिल रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतिष्ठान में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण के बाद उत्पन्न कचरा तथा गंदे पानी का उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि अपशिष्ट पदार्थों को नालियों और सड़कों पर फेंक दिया जाता था, जिससे आसपास का वातावरण अत्यंत दुर्गंधयुक्त हो गया था। विशेष रूप से निकटवर्ती जगन्नाथ मंदिर मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को इससे काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
इस संबंध में स्थानीय व्यापारियों और जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने कई बार प्रतिष्ठान प्रबंधन को कचरे एवं अपशिष्ट के वैज्ञानिक और उचित निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, आरोप है कि प्रतिष्ठान प्रबंधन ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया।
बताया जाता है कि रविवार को प्रदूषण नियंत्रण विभाग की एक टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जिसमें वहां की अत्यंत खराब एवं अस्वच्छ स्थिति सामने आई। विभाग द्वारा अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपे जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया।
सोमवार सुबह दंडाधिकारी और पुलिस बल की उपस्थिति में जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आदित्य स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट को सील कर दिया।
उल्लेखनीय है कि जिस स्थान पर वर्तमान में यह प्रतिष्ठान संचालित हो रहा था, वहां पहले नगांव का ऐतिहासिक जयश्री सिनेमा हॉल स्थित था। यह सिनेमा हॉल महान असमिया साहित्यकार एवं सांस्कृतिक पुरोधा ज्योति प्रसाद अग्रवाला की पुत्री के नाम पर स्थापित किया गया था। उस समय इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित रखने की मांग भी उठी थी, लेकिन वह साकार नहीं हो सकी।

