नगांव में योगासन प्रतियोगिता का सफल आयोजन, कुलपति डॉ. हितेश डेका ने स्वयं योगासन कर बढ़ाया उत्साह
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नगांव जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को नगांव विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में दिनभर चलने वाली योगासन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। आयु-आधारित चार विभिन्न श्रेणियों में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 138 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रमाणपत्रों का वितरण नगांव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. हितेश डेका, अतिरिक्त आयुक्त कमलजीत शर्मा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा, विश्वविद्यालय के उप-पंजीयक डॉ. नव प्रसाद नाथ तथा स्वास्थ्य विभाग के जिला समन्वयक पार्थ सेनापति ने किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. हितेश डेका ने कहा कि योगासन विश्व का सर्वोत्तम व्यायाम है। उन्होंने इसे प्राचीन भारतीय सभ्यता की अमूल्य देन बताते हुए कहा कि आज पूरा विश्व योग के महत्व को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं नियमित रूप से योगाभ्यास करते हैं। इस दौरान उन्होंने मंच पर कई योगासन करके भी दिखाए, जिससे उपस्थित प्रतिभागी एवं दर्शक काफी प्रभावित हुए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त कमलजीत शर्मा ने भी योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।
आयुष विभाग की जिला नोडल अधिकारी डॉ. रीमा भट्टाचार्य के संचालन में आयोजित इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय योग रेफरी सुमन राजवंशी, डॉ. रविप्रसाद शर्मा तथा योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र सिंह निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
घोषित परिणामों के अनुसार, 10 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रिंक्षी देवी ने प्रथम, नीलाभ प्रतिम भारद्वाज ने द्वितीय तथा आराधना आर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग में उदीप्ता रानी बोरा ने प्रथम और नियर नीलम शिवम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इस वर्ग में कस्तूरी रानी बोरा एवं हंसबी नाथ को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। आयोजन की सफलता के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा नगांव विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

