पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेरबदल के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में नगांव मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर गिरफ्तार
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार सिन्हा को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कथित फेरबदल के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में नगांव पुलिस ने शुक्रवार को जागीरोड से गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना में मृत युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को प्रभावित करने के नाम पर मृतक के परिजनों से धन लेने की शिकायत जिला प्रशासन को प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की और आरोपों के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए।
जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, कथित रिश्वत लेन-देन की पूरी प्रक्रिया को रणनीतिक रूप से रिकॉर्ड किया गया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद नगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डॉ. सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया।
नगांव के जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने मीडिया को बताया कि दुर्घटनाओं और अन्य मामलों में मृत व्यक्तियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संबंधित कार्यों के लिए फोरेंसिक विभाग के प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार सिन्हा द्वारा मृतकों के परिजनों से अवैध धन लेने की शिकायतें पिछले कुछ समय से लगातार मिल रही थीं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में मृत युवक के परिजनों द्वारा की गई शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से मामले की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के आधार पर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, जब पुलिस के नगांव मेडिकल कॉलेज पहुंचने की सूचना डॉ. सिन्हा को मिली, तो वे गुवाहाटी की ओर रवाना हो गए। हालांकि, नगांव पुलिस ने जागीरोड पुलिस के सहयोग से उन्हें जागीरोड क्षेत्र में रोककर हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस इस पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट न्यायिक एवं कानूनी प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण दस्तावेज मानी जाती है। ऐसे में इस प्रकार के आरोपों ने चिकित्सा और प्रशासनिक हलकों में व्यापक चर्चा को जन्म दिया है।

