लायंस क्लब द्वारा संचालित सार्वजनिक शौचालय परिसर में फूड स्टॉल को लेकर उठा विवाद
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 9 जुलाई। गुवाहाटी के आर्य नगर स्थित लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर द्वारा संचालित सार्वजनिक शौचालय परिसर में चल रहे एक फूड स्टॉल को लेकर स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों ने स्वच्छता मानकों तथा इसकी वैधता पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक शौचालय परिसर के भीतर ही भोजन तैयार कर परोसा जा रहा है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य मानकों का उल्लंघन है और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है।
एक दैनिक यात्री ने कहा कि सार्वजनिक शौचालय परिसर के भीतर भोजन तैयार कर बेचना समझ से परे है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस प्रकार की गतिविधि की अनुमति किसने दी है। उन्होंने बताया कि जब विक्रेताओं से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने दावा किया कि उन्हें वहीं से भोजन बेचने का लाइसेंस प्राप्त है।
एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया कि जब उन्होंने फूड स्टॉल संचालकों से अनुमति के बारे में जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि गुवाहाटी नगर निगम ने इसकी स्वीकृति दी है। यदि यह सही है, तो निगम को इस संबंध में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए, क्योंकि इससे लोगों के बीच भ्रम और चिंता की स्थिति बनी हुई है।
वहीं इलाके के ही एक अन्य व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कुछ निहित स्वार्थी तत्वों का हाथ है। लायंस क्लब द्वारा यहां पर उचित मूल्य पर मरीजों एवं उनके परिजनों को भोजन मुहैया कराने से उनके हित प्रभावित होते हैं। इसीलिए वे लोग बिना वजह बात का बतंगड़ बना रहे हैं ।
इस मामले पर गुवाहाटी नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि संबंधित सार्वजनिक शौचालय का संचालन लायंस क्लब द्वारा किया जाता है और फूड स्टॉल को पूर्व में विभाग की ओर से अनुमति प्रदान की गई थी। अधिकारी के अनुसार, तत्कालीन नगर आयुक्त ने स्टॉल संचालन की स्वीकृति दी थी।
वहीं, लायंस क्लब के एक प्रतिनिधि ने इस व्यवस्था का बचाव करते हुए कहा कि यह फूड स्टॉल मुख्य रूप से डॉ. बी. बरुआ कैंसर संस्थान में आने वाले मरीजों के परिजनों और आगंतुकों की सुविधा के लिए संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए गए हैं तथा शौचालय की नियमित सफाई होती है, इसलिए स्वच्छता को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।
उल्लेखनीय कि अपने सेवा प्रकल्पों के लिए पहचाने जाने वाले लायंस क्लब का कहना है कि उनका उद्देश्य कैंसर पीड़ित मरीज एवं उनके परिजनों को सुलभ मूल्य पर स्वच्छ भोजन उपलब्ध करवाना है।
हालांकि, सार्वजनिक शौचालय परिसर में फूड स्टॉल के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों के बीच खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और कानूनी प्रावधानों के पालन को लेकर सवाल बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक स्पष्टीकरण देने और सभी स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

