50 साल बाद फिर मिले कॉलेज के साथी, यादों के संग नम हुई आंखें और खिल उठी मुस्कानें

गुवाहाटी।गौहाटी कॉमर्स कॉलेज (GCC) के वर्ष 1976 बैच के पूर्व विद्यार्थियों का 50वां पुनर्मिलन (Golden Reunion) शनिवार को गुवाहाटी के एक होटल में बेहद भावपूर्ण और आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। यह मिलन समारोह पांच दशक पुरानी दोस्ती, यादों और भावनाओं का अनमोल संगम नजर आ रहा था।

इस विशेष अवसर पर जयपुर, कोलकाता, धुबरी, बरपेटा, टंगला, नगांव सहित विभिन्न स्थानों से 45 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राएं अपने पुराने साथियों से मिलने पहुंचे। उम्र और स्वास्थ्य की चुनौतियों के बावजूद एक सहपाठी व्हीलचेयर पर बैठकर भी इस ऐतिहासिक मिलन का हिस्सा बने, जिसने सभी को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत उन सहपाठियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जो आज इस दुनिया में नहीं हैं। दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया गया। उस पल कई आंखें नम हो गईं और सभी ने महसूस किया कि समय भले ही आगे बढ़ गया हो, लेकिन रिश्तों की गर्माहट आज भी वैसी ही है।

इसके बाद पूरे कार्यक्रम में हंसी, ठहाकों और पुरानी यादों का सिलसिला चलता रहा। कई सहपाठी ऐसे थे जो लगभग 50 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिल रहे थे। कॉलेज के दिनों की शरारतें, कक्षाओं की यादें, शिक्षकों के किस्से और जीवन के अनगिनत अनुभव साझा करते हुए ऐसा लगा मानो समय फिर से 1976 में लौट आया हो।

पूर्व विद्यार्थियों ने अपने-अपने जीवन के संघर्ष, सफलताओं और अनुभवों को साझा किया। सभी ने इस बात पर खुशी जताई कि जीवन की व्यस्तताओं के बावजूद मित्रता का यह रिश्ता आज भी उतना ही मजबूत और जीवंत है।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन अल्प समय में किया गया था, इसलिए कई सहपाठी चाहकर भी इसमें शामिल नहीं हो सके। फिर भी जो उपस्थित रहे और जो किसी कारणवश नहीं आ पाए, सभी ने इस पुनर्मिलन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में और भी बड़े स्तर पर ऐसे आयोजन करने की इच्छा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *