बंगाईगांव में श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, वैदिक नाटकों ने किया मंत्रमुग्ध
थर्ड आई न्यूज़
बंगाईगांव, 21 जुलाई। शास्त्री रोड स्थित इस्कॉन मंदिर, बंगाईगांव द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ निरंतर जारी है। प्रतिदिन आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं। पूरे महोत्सव परिसर में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और भक्ति का वातावरण भक्तों को भावविभोर कर रहा है।
महोत्सव का शुभारंभ 16 जुलाई को सांसद फनी भूषण चौधरी ने रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया था। उद्घाटन दिवस पर भगवान जगन्नाथ की भव्य पहंडी एवं रथयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रथ की रस्सी खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया। इसके बाद 17 जुलाई से भगवान जगन्नाथ को प्रगति भवन में स्थापित अस्थायी गुंडिचा मंदिर में विराजमान किया गया है, जिसे भगवान की मौसी का घर माना जाता है। यहां प्रतिदिन संध्या आरती, श्री जगन्नाथ लीला कथा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष आकर्षण इस वर्ष प्रस्तुत दो वैदिक नाटक “नशामुक्ति” और “सच का सामना” रहे। प्रभावशाली अभिनय, सशक्त संवाद और भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने नशामुक्त समाज, सत्यनिष्ठ जीवन और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रेरणादायी संदेश दिया। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों ने भरपूर सराहा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतिदिन आयोजित संध्या आरती, भजन-कीर्तन, श्री जगन्नाथ लीला कथा और महाप्रसाद वितरण में महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। इस्कॉन के संन्यासियों और भक्तों के आध्यात्मिक प्रवचनों से श्रद्धालु धर्म और भक्ति के प्रति प्रेरित हो रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव का भव्य समापन 24 जुलाई को उल्टा रथयात्रा के साथ होगा। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ लगभग सात दिन तक मौसी के घर निवास करने के पश्चात पुनः अपने मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे। इस आयोजन में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष सुशांत दत्तो प्रभु, सचिव सुभाष घोष प्रभु तथा इस्कॉन मंदिर के संचालक राघव निमाई दास प्रभु ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों, स्वयंसेवकों, दानदाताओं और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा भावना, सहयोग और उत्साह के कारण महोत्सव अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से 24 जुलाई को आयोजित उल्टा रथयात्रा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।

