गुप्त नवरात्रि पर महेश्वरी महिला संगठन का सेवा भाव, कन्या पूजन के साथ मंदिरों में किया सहयोग
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
गुप्त नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर महेश्वरी महिला संगठन, लखीमपुर शाखा ने विभिन्न धार्मिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन कर समाजसेवा और आस्था का संदेश दिया।
शाखा अध्यक्षा सरिता तापड़िया के नेतृत्व में स्थानीय दुर्गा मंदिर में गुप्त दान के रूप में एक अलमारी भेंट की गई। इसके साथ ही 35 कन्याओं एवं 2 भैरव का विधिवत पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। सभी को प्रसाद के साथ उपहार स्वरूप जूस, फल और छाते भी वितरित किए गए।
इसके अतिरिक्त संगठन की ओर से लखीमपुर के मिलन नगर स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भंडारे के लिए 15 किलोग्राम खिचड़ी बनाने की सामग्री प्रसाद स्वरूप अर्पित की गई।
इस सेवा कार्यक्रम में सरोज मालपानी, सरिता लाहोटी, रेखा चांडक, ममता गग्गर, संतोष राठी, अंजू बजाज, सुनीता झावर, सुमन तापड़िया तथा सरिता जाजू सहित संगठन की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।
महेश्वरी महिला संगठन ने गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर सेवा, श्रद्धा और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए धार्मिक परंपराओं के साथ जनसेवा का संदेश भी दिया।

