तजवर सुल्ताना तालुकदार ने संभाली लायंस क्लब लखीमपुर प्रेरणा की कमान, नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन लायंस क्लब इंटरनेशनल की इकाई लायंस क्लब लखीमपुर प्रेरणा के सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को लखीमपुर बाईपास स्थित रेनबो फैमिली रेस्टोरेंट के सभागार में गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
समारोह में तजवर सुल्ताना तालुकदार ने क्लब की नई अध्यक्षा के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने दायित्वों की शपथ ग्रहण की।
लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322D की नवनियुक्त डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता मुख्य अतिथि एवं मुख्य शपथ अधिकारी (चीफ इंस्टॉलेशन ऑफिसर) के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
नई कार्यकारिणी में डॉ. मंदिरा शर्मा चालिया को सचिव तथा उर्मिला दिनोदिया को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक फूलाम गमछा से स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर डॉ. निशांत राजकाकोती ने डॉ. नीना दत्ता के जीवन परिचय एवं सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला, जबकि निवर्तमान सचिव उर्मिला दिनोदिया ने सत्र 2025-26 की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता को सम्मान स्वरूप असम की पारंपरिक पीतल की जपी एवं चैलेंग चादर भेंट की गई।
समारोह में रीजन चेयरपर्सन रक्तिम गोगोई, जोन चेयरपर्सन (जोन-4) माणिक लाल दम्माणी, जोन चेयरपर्सन (जोन-3) पल्लवी तमोली कोंवार, लायंस क्लब डिब्रूगढ़ के सचिव संजीव चटर्जी, लायंस इंटरनेशनल बंदरदेवा ग्रेटर के अध्यक्ष राजीव दत्ता, अनिला अग्रवाल, कमला हरलालका, रंजू बाकलीवाल सहित अनेक लायंस पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. नीना दत्ता, रक्तिम गोगोई तथा जोन चेयरपर्सनों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में गोपाल चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

