शिक्षकों के कौशल विकास के लिए लायंस क्लब की पहल, दो दिवसीय ‘लायंस क्वेस्ट’ प्रशिक्षण शुरू

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। शिक्षकों के कौशल विकास और विद्यार्थियों के बेहतर व्यक्तित्व निर्माण के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की ओर से लायंस क्वेस्ट इन इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से दो दिवसीय ‘लायंस क्वेस्ट’ शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को ज्योतिकुची स्थित ज्ञान एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन में हुआ। क्लब के अध्यक्ष लायन रवि हरलालका के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में विद्यालय के 29 शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन मनोज भजनका तथा प्रथम उप जिला पाल (वीडीजी-1) लायन राजेश अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने शिक्षक की भूमिका को समाज निर्माण की बुनियाद बताते हुए कहा कि एक प्रशिक्षित शिक्षक ही सशक्त समाज और उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकता है।

दो दिवसीय प्रशिक्षण का संचालन अनुभवी प्रशिक्षक लायन प्रेरणा अग्रवाल कर रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को जीवन कौशल, नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच, प्रभावी संवाद तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को ऐसी शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना है, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी, बेहतर निर्णय क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया जा सके।

कार्यक्रम का समन्वय डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर लायन नीरू काबरा ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी लायन महेश हेड़ा ने संभाली। कार्यक्रम को सफल बनाने में लायन रूपा गग्गड और लायन आनंद अय्यर का विशेष योगदान रहा।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में सचिव लायन अजय कुमार मोर ने अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, प्रशिक्षक तथा प्रतिभागी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचेगा और उनके शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास में उपयोगी साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *