श्रावणी प्रदोष पर गौशाला में महारुद्राभिषेक, गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, असम बैद्यनाथ युवा कांवड़ संघ के आयोजन में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने लिया भाग
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 25 अगस्त। श्रावणी प्रदोष के अवसर पर असम बैद्यनाथ युवा कांवड़ संघ की ओर से मंगलवार को आठगांव स्थित श्री गौहाटी गोशाला के शिव मंदिर में सामूहिक महारुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और भगवान शिव के जयकारों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सपरिवार अनुष्ठान में भाग लिया।
इस अवसर पर महेंद्र-सुनीता मित्तल, संजय-सुनीता गुप्ता, सुनील-सोनिया गुप्ता और विवेक-हर्षा सांगानेरिया ने यजमान के रूप में सामूहिक रुद्राभिषेक किया। पांच पंडितों के सान्निध्य में विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ संगीतमय रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस दौरान ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
संघ के सदस्यों ने बताया कि सावन और शिवरात्रि के अवसर पर श्री गौहाटी गोशाला स्थित शिव मंदिर में पिछले कई वर्षों से विशेष धार्मिक आयोजन किए जाते रहे हैं। सावन के प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया जाता है। अंतिम सोमवार और प्रदोष के अवसर पर विशेष श्रृंगार एवं अभिषेक की परंपरा भी लंबे समय से चली आ रही है।
सदस्यों ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। श्रावणी प्रदोष के अवसर पर सामूहिक रुद्राभिषेक के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक साथ पूजा-अर्चना और शिव आराधना का अवसर मिलता है।
अनुष्ठान के समापन पर सामूहिक महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
आयोजन को सफल बनाने में सुशील गोयल, प्रभास पोद्दार, राम अवतार सिखवाल, प्रदीप भुवालका, सुमित बजाज, सूरज सिंघानिया, हनुमान गर्ग, सुनील सांगानेरिया, माखन अग्रवाल और विकाश जैन सहित संघ के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।

