जेन-जी को राजस्थान की जड़ों से जोड़ने की पहल, युवाओं के साथ फाउंडेशन का संवाद, युवाओं को संस्कृति से जोड़ने के साथ नए अवसर और व्यापक मंच देना हमारा लक्ष्य : रतन शर्मा
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 25 अगस्त। राजस्थान की संस्कृति और अपनी जड़ों से नई पीढ़ी को जोड़ने के साथ युवाओं की सोच, आकांक्षाओं और भविष्य की अपेक्षाओं को समझने के उद्देश्य से राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर ने जेन-जी के साथ विशेष संवादात्मक बैठक आयोजित की। अनिल प्लाजा स्थित सत्यम परिसर में हुई बैठक में 40 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया और विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे।
बैठक में राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर के अध्यक्ष रतन शर्मा, सचिव शंकर बिड़ला, कोषाध्यक्ष नारायण सिंह नरुका तथा सह सचिव अजय भंसाली और प्रदीप भुवालका उपस्थित रहे। कार्यक्रम को औपचारिक बैठक तक सीमित रखने के बजाय संवाद का स्वरूप दिया गया, ताकि युवा अपनी सोच, चुनौतियों और संगठन से अपेक्षाओं को सहजता से सामने रख सकें।
इस अवसर पर रतन शर्मा ने कहा कि तेजी से बदलते दौर में नई पीढ़ी आधुनिक सोच और तकनीक के साथ आगे बढ़ रही है। इस बदलाव के बीच युवाओं का अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ा रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। राजस्थान फाउंडेशन युवाओं को राजस्थान की समृद्ध विरासत, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी, व्यापार के नए अवसर और विश्वस्तरीय मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना चाहता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज और संगठनों की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के हाथों में होगी। इसलिए उनकी सोच को समझने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में पर्याप्त स्थान देने की जरूरत है। फाउंडेशन युवाओं के सुझावों को अपनी भावी गतिविधियों में शामिल करने का प्रयास करेगा।
बैठक में नॉर्थ ईस्ट में फाउंडेशन का युवा नेटवर्क विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। रतन शर्मा ने बताया कि असम के विभिन्न जिलों में युवाओं की जिला स्तरीय टीमें गठित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। गुवाहाटी में भी करीब 200 युवाओं को चरणबद्ध तरीके से जोड़कर विभिन्न जिम्मेदारियां देने की योजना है।
उन्होंने बताया कि गुवाहाटी से शुरू होने वाले इस युवा नेटवर्क को धीरे-धीरे पूरे पूर्वोत्तर तक विस्तारित किया जाएगा। भविष्य में इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जोड़ने का प्रयास होगा। उद्देश्य ऐसी मजबूत युवा श्रृंखला तैयार करना है, जो आपसी संपर्क, सामाजिक सहभागिता और नए अवसरों के माध्यम से व्यापक स्तर पर उपयोगी भूमिका निभा सके।
बैठक में अनुज जोशी, विवेक सांगानेरिया, अरुण अग्रवाल, हेमंत कुमार सेठी, जयप्रकाश जाजु, चंदन पारीक, बिनीत मुरारका, राजकुमार जैन, रमेश पारीक, सैलेश मोर, विशिष्ठ अग्रवाल, अशोक शर्मा, अरविंद पारीक, आकाश शर्मा, आशीष जैन, मंजीत छाजेड़, लखन वर्मा, राहुल शर्मा, सुमित सेठी, आकाश सर्राफ, चंद्र प्रकाश निमोदिया, सुमित अग्रवाल, अनुष्का ककरानिया, अमित पेड़िवाल, दिनेश मंगलुनिया, सौरभ बासोटिया, मनीष सेठिया, विवेक चौधरी, विवेक अग्रवाल, संजीव झुनझुनवाला, संजय कुमार सुरेका, अजय कुमार, विशाल सुराणा, रमेश चचान और पंकज सुराणा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने युवाओं के सुझावों को सुना और इस तरह के संवाद को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया। बैठक में वरिष्ठ पीढ़ी के अनुभव और जेन-जी की नई सोच के बीच बेहतर तालमेल बनाने तथा राजस्थान फाउंडेशन की गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर सहमति बनी।

