थर्ड आई न्यूज़ की खबर का बड़ा असर: 6 महीने बाद लीलाबाड़ी-चराई मोरिया मार्ग का निर्माण कार्य शुरू

लखीमपुर से बाबू देव पांडे

जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले थर्ड आई न्यूज़ की एक खबर का बड़ा असर सामने आया है। करीब छह महीने पहले प्रकाशित खबर के बाद अब लीलाबाड़ी से नवपं गांव होते हुए चराई मोरिया को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है।

उल्लेखनीय है कि 5 दिसंबर 2025 को थर्ड आई न्यूज़ पोर्टल ने “लीलाबाड़ी तिनाली से उज्ज्वलपुर ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली सड़क की जर्जर हालत—प्रशासन मौन” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर के माध्यम से सड़क की बदहाल स्थिति और इससे आम लोगों, विद्यार्थियों एवं वाहन चालकों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया था।

रिपोर्ट में बताया गया था कि लीलाबाड़ी तिनाली से उज्ज्वलपुर ग्राम पंचायत होते हुए नवपं गांव और चराई मोरिया को जोड़ने वाली यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अरुणाचल प्रदेश का आईएलपी कार्यालय, 13वीं एपीबीएन पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, असम वायु उद्योग, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। अकेले पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में प्रतिदिन करीब 1200 विद्यार्थी आवागमन करते हैं।

सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़े पत्थर और धूल-मिट्टी के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति इतनी गंभीर थी कि खराब सड़क के कारण एक विद्यार्थी वाहन से गिरकर गंभीर रूप से घायल भी हो गया था।

थर्ड आई न्यूज़ की खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति को गंभीरता से लिया। अब करीब छह महीने बाद लीलाबाड़ी से नवपं गांव होते हुए चराई मोरिया तक जाने वाले इसी मार्ग पर निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में सड़क पर डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य तेजी से चल रहा है।

सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और वाहन चालकों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जनहित की समस्या को लगातार उठाने के लिए थर्ड आई न्यूज़ का आभार व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति भी धन्यवाद जताया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होता है तो इससे क्षेत्र के हजारों लोगों के साथ-साथ विद्यालयों एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *