आठगांव गौशाला में ‘गौशाला के राजा’ के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, गणेश चतुर्थी पर विराट गणेश प्रतिमा का भव्य श्रृंगार
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 14 सितंबर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला परिसर के गणेश मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। गौशाला परिसर में विराजमान विराट गणेश प्रतिमा का फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया। दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए पहुंचते रहे।
गौशाला के ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक धानुका के मार्गदर्शन में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में सुबह यजमान पंकज-रिद्धि केडिया एवं गौतम शर्मा (शर्मा स्वीट्स) की उपस्थिति में विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद महाआरती की गई और भगवान गणेश को सवामणि लड्डू एवं खीर का भोग लगाया गया। प्रसाद बाद में श्रद्धालुओं और गौसेवकों के बीच वितरित किया गया।
इस अवसर पर श्री गौहाटी गौशाला के ट्रस्टी प्रदीप भुवालका, पीतराम केडिया, सुशील गोयल, माखनलाल अगरवाल, शिवप्रसाद भीमसरिया, सूरज सिंघानिया, विवेक सांगानेरिया, रामावतार सिखवाल और गौरव गोयल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गौशाला परिसर की विराट गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र है। मुंबई के प्रसिद्ध ‘लालबागचा राजा’ की तर्ज पर भक्त इसे श्रद्धापूर्वक ‘गौशाला के राजा’ कहते हैं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर विशेष श्रृंगार में सजे ‘गौशाला के राजा’ के दर्शन और आशीर्वाद के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा।

