चतुर्दशी पर तपस्वियों का सम्मान, त्याग और संयम की हुई अनुमोदना
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला महासभा, गुवाहाटी शाखा की ओर से चतुर्दशी के पावन अवसर पर आठगांव चेतालय में विराजमान विभिन्न तपस्वियों एवं व्रतधारियों का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर दशलक्षण एवं सोलहकारण व्रत करने वाले सभी व्रतियों और तपस्वियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा भेंट प्रदान कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तपस्वियों के त्याग, संयम और तप की अनुमोदना करना था।
कार्यक्रम में महासभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिखा छाबड़ा, शाखा अध्यक्ष रश्मि जैन, शकुन पहाड़िया, संगीता कासलीवाल, रीचा गोधा, सीमा गंगवाल, सरोज सेठी सहित महिला महासभा की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।
महिला महासभा की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थित सदस्यों ने तपस्वियों के तप की अनुमोदना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना की।

