नगांव की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
रकीबुल हुसैन पर तीखी टिप्पणी, बोले—असम को विकास की नई दिशा में ले जाना मेरा लक्ष्य
नगांव। नगांव लोकसभा उपचुनाव के मतदान में अब कुछ ही दिन शेष रहने के बीच चुनाव प्रचार तेज हो गया है। गुरुवार को नगांव शहर के डसन स्कूल खेल मैदान में आयोजित विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भाजपा-led गठबंधन के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा के समर्थन में प्रचार किया और कांग्रेस सहित विपक्षी नेताओं पर तीखे हमले किए। नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान 6 अक्टूबर को होना है।
करीब 20 हजार लोगों की मौजूदगी का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में असम की 14 सीटों में से भाजपा-led गठबंधन ने 11 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि जोरहाट,नगांव और धुबरी में उसे सफलता नहीं मिली थी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की आंतरिक स्थिति खराब है और स्वाभिमान रखने वाला व्यक्ति कांग्रेस में नहीं रह सकता। उन्होंने प्रद्युत बरदलै के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का उल्लेख करते हुए कहा कि बाद में उन्होंने दिसपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत हासिल की।
नगांव लोकसभा उपचुनाव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सभा में मौजूद लोगों से भाजपा प्रत्याशी देवाशीष शर्मा के समर्थन को लेकर नारे लगवाए। उन्होंने देवाशीष शर्मा को बदरुद्दीन अजमल और शिवामणि बोरा की तुलना में योग्य प्रत्याशी बताया।
विकास और रोजगार पर जोर :
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के विकास के लिए अभी बहुत काम किया जाना बाकी है। उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में एक लाख बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य से अधिक करीब डेढ़ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई। उन्होंने कहा कि अगले साढ़े चार वर्षों में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर योजना के माध्यम से बेरोजगार युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की बात कही। उन्होंने जगीरोड में स्थापित हो रहे सेमीकंडक्टर उद्योग का उल्लेख करते हुए कहा कि अगले वर्ष की शुरुआत में वहां उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि असम के विकास के लिए अगले पांच वर्षों में डेढ़ लाख करोड़ रुपये खर्च करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। उनका उद्देश्य राज्य को विकास की नई दिशा में ले जाना और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। इसके तहत आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के साथ सड़क एवं अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण पर भी जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस विकास यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग का उल्लेख किया।
नगांव के विकास के लिए कई योजनाओं का जिक्र :
नगांव के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जिले के विकास की उपेक्षा का आरोप लगाया और कहा कि वर्तमान में नगांव में दिखाई दे रहा विकास भाजपा सरकार की देन है। उन्होंने नगांव-बटद्रवा क्षेत्र के विकास में विधायक रूपक शर्मा के योगदान का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगांव भोगेश्वरी फुकनानी सिविल अस्पताल के पास फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। नुरुल अमीन स्टेडियम के विकास के साथ एक नया आधुनिक स्टेडियम बनाने की भी योजना है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कछमारी क्षेत्र में करीब 400 बीघा जमीन पर नए उद्योग स्थापित करने की बात भी उन्होंने कही।
उन्होंने नगांव शहर के बीच स्थित दोनों जेलों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने और खाली होने वाली जमीन का उपयोग विकास कार्यों के लिए करने की बात कही। शहर में कृत्रिम बाढ़ की समस्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे निजात दिलाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से योजना तैयार की जा रही है।
रकीबुल हुसैन पर तीखी टिप्पणी :
कांग्रेस नेता रकीबुल हुसैन पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके बिरयानी संबंधी कथित बयान का उल्लेख किया और कई तीखी टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि रकीबुल हुसैन की तुलना बकासुर से करने पर बकासुर भी शर्मिंदा होगा। मुख्यमंत्री ने उन्हें आधुनिक युग का बकासुर बताते हुए आरोप लगाया कि वह हर समय बिरयानी के बारे में सोचते हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस में विकास के मुद्दों पर काम करने वाले नेताओं की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके अनुसार रकीबुल हुसैन की तुलना में देवाशीष शर्मा संसद में असम और नगांव के विकास से जुड़े मुद्दों को अधिक मजबूती से उठाएंगे।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने अरुणोदय योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि इस महीने लाभार्थियों को 1,500 रुपये दिए जाएंगे, ताकि वे पूजा का उत्सव मना सकें। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, रोजगार और आत्मनिर्भर असम के मुद्दे पर काम कर रही है।
सभा में मंत्री केशव महंत, रामेश्वर तेली, सांसद जोगेन मोहन, भाजपा प्रत्याशी देवाशीष शर्मा, विधायक रूपक शर्मा, प्रद्युत बरदलै सहित भाजपा के कई विधायक तथा गठबंधन के बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।

