मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बंगाईगांव में एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय एवं 15वें मेडिकल कॉलेज एवं अन्य परियोजनाओं का किया उद्घाटन
थर्ड आई न्यूज़
बंगाईगांव: असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को बंगाईगांव जिले को 711 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देते हुए नवनिर्मित एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय तथा असम के 15वें मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल—बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के साथ विभिन्न परियोजनाओं का विधिवत उद्घाटन किया। दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के उद्घाटन से बंगाईगांव में प्रशासनिक सुविधाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केशव महंत, सामाजिक न्याय एंव बंगाईगांव के अभिभावक मंत्री अश्विनी राय सरकार, सांसद फणिभूषण चौधरी, विधायक दीप्तिमयी चौधरी और अभयपुर के विधायक भूपेन राय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम 50 करोड़ रुपये की लागत से बना नवनिर्मित एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में पहुंचकर 611 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन किया। इसी परिसर से जिले की अन्य परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया जिसमें बंगाईगांव के विसर्जन घाट पर 34 लाख रुपये की लागत से स्थापित वीर नरनारायण की प्रतिमा का अनावरण, 30 करोड़ की लागत से अभयापुरी स्थित आदर्श आवासीय विद्यालय, 11 करोड़ रुपये की लागत से तुलंगिया स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श महाविद्यालय की अवसंरचना, सृजनग्राम स्थित 6 करोड़ रुपये की लागत से श्रीश्रीरघुनाथ विग्रह मंदिर सत्र का निर्माण/उन्नयन, 3 करोड़ रुपये की लागत से बीरझोरा चाय बागान के आदर्श माध्यमिक विद्यालय की अवसंरचना एंव उन्नयन शामिल है।
मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बंगाईगांव में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना से न केवल जिले के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि निचले असम सहित आसपास के जिलों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। मेडिकल कॉलेज के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे तथा स्थानीय युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा की राह और सुगम होगी।
बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को असम सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त इस संस्थान से मरीजों को गंभीर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही क्षेत्र में चिकित्सा विशेषज्ञों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
वहीं, नवनिर्मित जिला आयुक्त कार्यालय के उद्घाटन से जिला प्रशासन के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। एकीकृत प्रशासनिक व्यवस्था के कारण आम जनता को विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने बंगईगांव विश्वविद्यालय के संरचना विकास के लिए एक सौ करोड़ रुपये की मंजूरी दी है तथा इस अंचल में एक सौ फुट ऊंची विश्व महावीर चिलाराय की मूर्ति की स्थापना की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि हमारा सपना है कि बंगाईगांव सिर्फ निचले असम में ही नहीं बल्कि पूरे राज्य में एक उन्नत जिला बनकर उभरे।
स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे बंगाईगांव सहित आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अभिभावक मंत्री अश्विनी राय सरकार, सांसद फणी भूषण चौधरी तथा विधायक दीप्तिमयी चौधरी ने भी बंगाईगांव के लिए इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अधिकारियों, चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
इन दोनों परियोजनाओं के उद्घाटन से बंगाईगांव में प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

