गुवाहाटी गोलीकांड पर गौरव गोगोई ने सरकार को घेरा, कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

थर्ड आई न्यूज़

पांच लोगों की हत्या के बाद मुख्यमंत्री से जवाबदेही तय करने की मांग, आरोपी गिरफ्तार, संपत्ति विवाद को लेकर जांच जारी

गुवाहाटी, 27 अक्टूबर। गुवाहाटी के उलुबाड़ी स्थित होटल बिलास इन में सोमवार रात हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत के बाद असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री हिमंत विश्व शर्मा से राज्य में बढ़ते अपराधों पर ध्यान देने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

गौरव गोगोई ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना ने गुवाहाटी में आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को बढ़ते अपराधों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और इस दिशा में अधिक ध्यान देना चाहिए। गोगोई ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की गहन जांच कराने, दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इस बीच, गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त डॉ. पार्थ सारथी महंत ने बताया कि गोलीबारी के आरोपी घनकांत गोगोई को घटना के एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को पलटन बाजार इलाके से पकड़ा गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल .32 बोर की पिस्तौल भी बरामद कर ली है। बताया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल लाइसेंसी थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे होटल बिलास इन की लीज से जुड़ा संपत्ति विवाद होने की आशंका सामने आई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी घनकांत गोगोई ने पिछले वर्ष होटल को लीज पर लिया था। होटल मालिक पक्ष और आरोपी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आरोपी कोई सुपारी किलर नहीं है और उसका मृतकों से कोई पारिवारिक संबंध भी नहीं है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे हुई गोलीबारी में छह लोगों को गोलियां लगी थीं। इनमें से पांच की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का निवासी था।

गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के प्रभारी प्राचार्य एवं मुख्य अधीक्षक प्रो. डॉ. बाबुल कुमार बेजबरुआ ने बताया कि अस्पताल को रात नौ से साढ़े नौ बजे के बीच घटना की सूचना मिली थी। अस्पताल लाए गए एक व्यक्ति की पहले ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान करीब 48 वर्षीय नारायण दास के रूप में हुई है। उनके होंठ पर गोली लगने का निशान पाया गया था। प्रारंभिक जांच में गोली के शरीर के भीतर प्रवेश करने के बाद बाहर निकलने का निशान नहीं मिला।

इस घटना में घायल 42 वर्षीय सत्येंद्र पाठक का जीएमसीएच में इलाज चल रहा है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है।

घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही होटल की लीज से जुड़े विवाद, गोलीबारी के घटनाक्रम और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *