गुवाहाटी के होटल बिलास इन में गोलीबारी, एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच की मौत, संपत्ति के लीज विवाद में वारदात की आशंका, पुलिस ने एक घंटे के भीतर आरोपी को हथियार सहित किया गिरफ्तार

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 27 अक्टूबर। गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में सोमवार रात हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। पुलिस ने घटना के एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।

गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे होटल में गोलीबारी की घटना हुई। इस दौरान छह लोगों को गोलियां लगीं। घायलों में से पांच की बाद में मौत हो गई, जबकि छठे व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे होटल की संपत्ति को लीज पर देने से संबंधित विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि होटल मालिक पक्ष और होटल को लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां मृतक उनके गांव का रहने वाला था। घायल व्यक्ति भी उसी गांव का निवासी है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में की है। वह असम का निवासी है और उसने होटल को लीज पर ले रखा था। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आरोपी कोई सुपारी किलर नहीं है और उसका मृतकों से कोई पारिवारिक संबंध भी नहीं है।

महंत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल .32 बोर की पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस आयुक्त के अनुसार, मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच के साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान का औपचारिक सत्यापन पूरा होने के बाद उनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *