गौड़ ब्राह्मण महासभा के गठन का निर्णय, 14 नवंबर को होगा दिवाली मिलन समारोह

थर्ड आई न्यूज़

समाज की बैठक में तदर्थ समिति गठित, गौतम शर्मा बुटोलिया और प्रमोद तिवाड़ी बने संयोजक

गुवाहाटी, 4 नवंबर। महानगर के गौड़ ब्राह्मण समाज ने एक नए संगठन के गठन की दिशा में पहल करते हुए प्रस्तावित संस्था का नाम ‘गौड़ ब्राह्मण महासभा’ रखने का निर्णय लिया है। बुधवार को श्री मारवाड़ी हिंदी पुस्तकालय के सभागार में आयोजित समाज की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही आगामी 14 नवंबर को फैंसी बाजार स्थित सूरजमल जुहारमल सांगानेरिया धर्मशाला में दिवाली मिलन समारोह आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

निर्मल तिवाड़ी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गौड़ ब्राह्मण समाज को एक संगठित मंच प्रदान करने तथा सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। सभा में संस्था के गठन के लिए एक तदर्थ समिति का गठन किया गया, जिसके संयोजक के रूप में गौतम शर्मा बुटोलिया और प्रमोद तिवाड़ी को जिम्मेदारी सौंपी गई। संस्था के गठन से संबंधित कानूनी एवं तकनीकी कार्यों का दायित्व शैलेंद्र शर्मा को दिया गया। बैठक में तय किया गया कि आवश्यकता के अनुसार तदर्थ समिति का जल्द ही विस्तार किया जाएगा।

सभा में आगामी 14 नवंबर को दिवाली मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। समारोह का आयोजन गौड़ महिला समिति के साथ संयुक्त रूप से किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं के लिए एक अलग समिति गठित की गई है। इसमें विशाल भातरा, प्रभात शर्मा, आदर्श शर्मा (बाबली), मुकेश तिवाड़ी, राकेश भातरा, राजू तिवाड़ी, नानक शर्मा, संदीप जोशी, मुकेश शर्मा, सुशील व्यास, श्यामसुंदर लाटा, रमेश भातरा और दीपक धानीवाल को शामिल किया गया है। आयोजन समिति में आवश्यकतानुसार अन्य सदस्यों को भी जोड़ा जा सकेगा।

इससे पूर्व सभा की शुरुआत में प्रमोद तिवाड़ी ने बैठक के उद्देश्यों की व्याख्या की। उन्होंने समाज के लिए एक संगठित मंच की आवश्यकता और दिवाली मिलन समारोह के आयोजन से संबंधित विषयों को सदस्यों के समक्ष रखा। इसके बाद बृजेश शर्मा बुटोलिया, सुशील व्यास, मुकेश शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, प्रभात शर्मा, राजकुमार तिवाड़ी, राकेश भातरा, संतोष शर्मा और गौतम शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने समाज में आपसी संपर्क, सहयोग और एकजुटता बढ़ाने तथा संगठन को सक्रिय बनाने पर जोर दिया।

सभा का संचालन प्रमोद तिवाड़ी ने किया। इस अवसर पर मंच पर गिरीश शर्मा बुटोलिया, विजय कुमार पुजारी और संतोष शर्मा भी उपस्थित थे। बैठक में बड़ी संख्या में गौड़ ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने भाग लिया और संगठन के गठन तथा दिवाली मिलन समारोह के आयोजन में सक्रिय सहयोग देने की सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *