काजीरंगा सड़क हादसे में मृत 24 लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता देंगे प्रधानमंत्री मोदी, घायलों को भी मिलेंगे 50-50 हजार रुपये

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 13 नवंबर। असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के निकट हुए भीषण सड़क हादसे में 24 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि असम के गोलाघाट जिले में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली चाय बागान के निकट रंगाजन इलाके में हुआ था। यहां एक यात्री मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।

असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा स्थानीय विधायक अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी की। बोरा ने बताया कि गुवाहाटी से लौटते समय उन्होंने दुर्घटना के बाद का भयावह दृश्य देखा। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मिनी बस तेज गति से चल रही थी और संभवतः काजीरंगा क्षेत्र में लागू यातायात प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रही थी। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका के अनुसार, जांचकर्ताओं को संदेह है कि कंटेनर ट्रक से टकराने से पहले चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था।

पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। मिनी बस में सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या सहित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। इस दर्दनाक घटना से पूरे असम में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *