‘पाताल से ढूंढ़ निकालेंगे, राहुल तक जाएगा केस’: हिमंत की पवन खेड़ा को चुनौती, पत्नी पर आरोपों से भड़के सीएम
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के बीच छिड़ी जुबानी जंग अब एक बेहद गंभीर मोड़ पर आ गई है। मुख्यमंत्री शर्मा ने अपनी पत्नी पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर पवन खेड़ा को दो टूक चेतावनी दी है। शर्मा ने कहा कि अगर खेड़ा पाताल में भी जाकर छिप जाते हैं, तो असम पुलिस उन्हें वहां से भी ढूंढ कर लाएगी।
विवाद की जड़ क्या है?
खेड़ा ने मुख्यमंत्री शर्मा की पत्नी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां के खिलाफ कुछ दस्तावेज भी पेश किए। मुख्यमंत्री का दावा है कि खेड़ा ने यह सब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर किया है। शर्मा ने कहा कि पवन खेड़ा ने जो ‘कागज’ पेश किए हैं, वे केवल राजनीति से प्रेरित हैं और इसके पीछे की असली पटकथा राहुल गांधी ने लिखी है।
असम पुलिस की दिल्ली में दस्तक :
मुख्यमंत्री की चेतावनी केवल शब्दों तक सीमित नहीं रही। मंगलवार यानी 7 अप्रैल को असम पुलिस की एक टीम अचानक पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंच गई। पुलिस की इस कार्रवाई ने असम से लेकर दिल्ली तक, राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। शर्मा ने कहा कि पाताल में भी लुकेगा तो हम उठा के लेके आएगा, यानी, पाताल से भी ढूढ़ निकालेंगे। इस बयान से साफ है कि असम सरकार इस मामले में कोई ढील देने के मूड में नहीं है।
राहुल गांधी तक पहुंचेगी जांच की आंच?
मुख्यमंत्री शर्मा ने केवल पवन खेड़ा पर ही निशाना नहीं साधा, बल्कि सीधे तौर पर राहुल गांधी को भी इस मामले में घसीटा है। उन्होंने दावा किया है कि इस पूरे मामले की जांच का दायरा बढ़ेगा और आने वाले समय में राहुल गांधी से भी इस संबंध में कड़ी पूछताछ की जा सकती है। असम में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी अब अपने चरम पर है। जहां एक तरफ कांग्रेस इसे सत्ता का दुरुपयोग बता रही है, वहीं मुख्यमंत्री शर्मा ने इसे अपनी निजी और पारिवारिक प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">