होजाई जिले में रिकॉर्ड मतदान, तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 86% से अधिक वोटिंग; पिछले चुनाव से बढ़ी भागीदारी
होजाई से रमेश मुंदड़ा
Assam Assembly Elections 2026 के तहत पूरे असम के साथ होजाई जिले में भी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। हल्की बारिश के बावजूद मतदाताओं में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—बिन्नाकांडी, होजाई और लामडिंग—के कुल 984 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ही लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर शाम 5 बजे के निर्धारित समय के बाद भी मतदाता मतदान के लिए पंक्तियों में डटे रहे, जो उच्च भागीदारी का स्पष्ट संकेत है।
जिले में कुल 7,64,619 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से तीनों विधानसभा क्षेत्रों में उल्लेखनीय मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया:
62 नंबर बिन्नाकांडी: 87.06%
63 नंबर होजाई: 87.53%
64 नंबर लामडिंग: 86.80%
पिछले चुनाव से तुलना:
पिछले विधानसभा चुनाव (2021) की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत में वृद्धि दर्ज की गई है। उस समय इन क्षेत्रों में औसत मतदान लगभग 82–84 प्रतिशत के बीच रहा था, जबकि इस बार सभी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 86 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया है।
यह वृद्धि मतदाताओं में बढ़ती जागरूकता और चुनाव प्रक्रिया के प्रति विश्वास को दर्शाती है। विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने इस बार के मतदान प्रतिशत को ऊंचाई दी है।
उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद:
इस चुनाव में होजाई से 2, लामडिंग से 4 और बिन्नाकांडी से 12 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनकी किस्मत अब ईवीएम में बंद हो चुकी है।
अब 4 मई को होने वाली मतगणना के बाद यह स्पष्ट होगा कि मतदाताओं ने अपना प्रतिनिधि किसे चुना है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">