उत्तर लखीमपुर में आसुका मंडल का साप्ताहिक सुंदरकांड पाठ श्रद्धा के साथ सम्पन्न

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर, 22 अप्रैल। धर्मनगरी उत्तर लखीमपुर में श्री श्री आदर्श सुंदरकांड सत्संग मंडल (आसुका मंडल) द्वारा आयोजित साप्ताहिक मंगलवारीय सुंदरकांड पाठ 21 अप्रैल की संध्या श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन चिनतोलिया गांव के बिष्णु नगर स्थित बाबु देव पांडेय के आवास पर रात 8 बजे से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित लालबाबू तिवारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिसके बाद हनुमान चालीसा और हनुमान अष्टक का पाठ किया गया। इसके उपरांत मंडल के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर गुप्ता ने सुंदरकांड पाठ का नेतृत्व किया।

कार्यक्रम में मंडल के संस्थापक सदस्य प्रभु ठाकुर, सचिव सुरेंद्र साह तथा नवनियुक्त युवा कलाकार अमन गुप्ता ने क्रमवार विभिन्न धुनों में पाठ प्रस्तुत कर उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं ढोल वादक कन्हैया शर्मा ने अपनी मधुर संगत से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

ज्ञात हो कि मंडल द्वारा प्रत्येक मंगलवार को भक्तों के अनुरोध पर उनके घरों एवं प्रतिष्ठानों में निःशुल्क सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर मंडल के अनेक श्रद्धालु सदस्य उपस्थित रहे।

इस संबंध में जानकारी मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता लालबाबू तिवारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *