असम: मां ने बेटे हिमंत की कुंडली का बड़ा राज खोला, दूसरी बार मुख्यमंत्री की शपथ लेने पर क्या बोले परिजन?
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हिमंत विश्व शर्मा ने आज दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। गुवाहाटी के वेटनरी फील्ड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं, दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर उनके परिवार ने भी खुशी जताई है। उनकी मां मृणालिनी देवी ने उनके सीक्रेट का खुलासा किया है I
मुख्यमंत्री शर्मा की मां ने किया खुलासा :
मुख्यमंत्री शर्मा की मां से जब पूछा गया कि क्या उन्हें उम्मीद थी कि इस बार जनता का इतना प्यार मिलेगा? इस पर असमिया में उन्होंने कहा, उनकी कुंडली में पहले से ही राजयोग था। बाद में हिमंत विश्व शर्मा के बेटे नंदील विश्व शर्मा ने हिंदी में अनुवाद करते हुए बताया, दादी कह रही हैं कि पापा की कुंडली में पहले से ही राजयोग था। दादी को हमेशा से उम्मीद थी और दादी को हमेशा से पता था कि पापा एक दिन मुख्यमंत्री बनेंगे। मृणालिनी देवी ने कहा, मैं आज बहुत खुश हूं और मैं यह खुशी लोगों, युवाओं और सभी के साथ साझा करना चाहती हूं। यह सभी की खुशी है।
नंदील ने कहा, पिछले पांच वर्षों में पापा ने मुख्यमंत्री के रूप में बहुत अच्छा काम किया है। हमें उम्मीद है कि वह इसी तरह असम के लोगों के लिए काम करते रहेंगे। यह असम के राजनीतिक विमर्श और राजनीतिक परिदृश्य का एक अहम चरण रहा है और पिछले पांच वर्षों में भाजपा सरकार ने सराहनीय काम किया है। अब तक जो हमने देखा है, उससे लगता है कि अच्छा काम आगे भी जारी रहेगा और यही हमारी भी उम्मीद है।
हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी और बेटी ने क्या कहा?
हिमंत विश्व शर्मा की बेटी सुकन्या ने कहा कि वह बहुत खुश हैं। जब हिमंत शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइंया से पूछा गया कि आप क्या चाहते हैं कि नई सरकार में वह पहला कदम क्या उठाएं? इस पर मुस्कराते हुए उन्होंने कहा, यह मुख्यमंत्री को तय करना है। उन्होंने कहा, हम मां कामाख्या देवी के आभारी हैं और जनता ने प्रगति व विकास के पक्ष में मतदान किया है। लोगों का भारतीय जनता पार्टी सरकार पर भरोसा है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
वहीं, पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी उनके शपथ ग्रहण पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, हिमंत जी मेरे बड़े भाई हैं। मेरे साथ संबंध बहुत अच्छे हैं। वह मुझे मदद करते हैं। मिलकर काम करते हैं। उनसे भी बहुत कुछ सीखा है। रात एक डेढ़-दो बजे भी फोन करता हूं तो कॉल उठाते हैं और जवाब देते हैं। इतने जमीन से जुड़े हैं। उन्हें ज्यादा अनुभव है।

