जरूरतमंद बालिकाओं में आत्मविश्वास जगाने की पहल ‘उम्मीद 2.0’ का समापन

थर्ड आई न्यूज़

मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी ग्रेटर शाखा ने आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से आयोजित की योग, ध्यान और व्यक्तित्व विकास की कार्यशालाएं

गुवाहाटी, 11 अक्टूबर। मारवाड़ी युवा मंच की गुवाहाटी ग्रेटर शाखा की ओर से जलुकबाड़ी स्थित बालिका बाल गृह एवं पर्यवेक्षण गृह में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम ‘उम्मीद 2.0 – एक जीवन ज्योति’ का शनिवार को समापन हुआ। आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विषम परिस्थितियों का सामना कर रही बालिकाओं और महिलाओं में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और मानसिक सशक्तिकरण की भावना विकसित करना था।

समाज सुधार के अंतर्गत शाखा की ओर से दूसरी बार आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं को भावनात्मक संबल देने और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान योग, ध्यान, नृत्य, वाद-विवाद और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी भावनाएं व्यक्त करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने बताया कि बाल गृह और पर्यवेक्षण गृह में रह रही अनेक बालिकाएं कठिन पारिवारिक एवं सामाजिक परिस्थितियों से गुजर चुकी हैं। ऐसे में उनके लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ भावनात्मक सहयोग और मानसिक सशक्तिकरण भी महत्वपूर्ण है। केंद्र की अधीक्षिकाओं जूली और दीपांजलि से बातचीत के बाद शाखा ने इस दिशा में विशेष पहल करने का निर्णय लिया।

इसी उद्देश्य से आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से ‘उम्मीद 2.0’ का आयोजन किया गया। कार्यशालाओं के संचालन में प्रशिक्षक सोना अग्रवाल, संगीता तथा अन्य प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक शांति, आत्मबल और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

समापन समारोह में मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज जलान सहित विभिन्न प्रांतीय पदाधिकारी और गुवाहाटी ग्रेटर शाखा के सदस्य उपस्थित रहे।

शाखा का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम कठिन परिस्थितियों में रह रही बालिकाओं को भावनात्मक सहारा देने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। ‘उम्मीद 2.0’ के माध्यम से बालिकाओं के जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास जगाने का प्रयास किया गया।

इस आशय की जानकारी शाखा के जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक अग्रवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *