Market Update: शेयर बाजार धड़ाम; सेंसेक्स 1456 अंक टूटा, निफ्टी 23450 से नीचे पहुंचा
थर्ड आई न्यूज
नई दिल्ली I पश्चिम एशिया में जारी तनाव और प्रधानमंत्री की ओर से देश के लोगों से की गई मितव्ययिता की अपील के बाद घरेलू शेयर बाजार की भावनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। सेंसेक्स मंगलवार को 1,456.04 अंक गिरकर 74,559.24 पर बंद हुआ तो निफ्टी 436.30 अंक गिरकर 23,379.55 पर आ गया। डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को गिरकर रिकॉर्ड निचले स्तर 95.63 (अस्थायी) पर आ गया I
सोमवार के बाद मंगलवार को भारतीय भारतीय शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 2% तक लुढ़क गए। रुपये के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचने, तेल की चढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों की बेरुखी से बाजार को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा।
सेंसेक्स 1,456 अंक से अधिक गिरकर 74,559 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 436 अंक से अधिक गिरकर 23,379 पर बंद हुआ। बाजार में उतार-चढ़ाव मापने वाला सूचकांक इंडिया वीआईएक्स 4% बढ़कर 19.26 हो गया। इस गिरावट के कारण बीएसई में सूचीबद्ध सभी कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी आई, जिससे यह घटकर 457 लाख करोड़ रुपये गया।

