पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नगांव का शानदार प्रदर्शन, सीबीएसई 12वीं में छात्रों ने लहराया परचम

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, नगांव में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया। विद्यालय ने इस वर्ष भी उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी सफलता की परंपरा को बरकरार रखा है।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। विज्ञान संकाय में तनुभव भगवती ने 93.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा अन्वेशा शास्त्री और रश्मिता सैकिया ने 91.40 प्रतिशत तथा सीमांत सूर्य दास ने 90.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

वहीं वाणिज्य संकाय में साक्षी अग्रवाल ने 94.60 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। श्रेयसदीप गयान ने 91.20 प्रतिशत और आदित्य दास ने 88.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों में श्रेयसदीप गयान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में 100 अंक, मयूर प्रतिम शर्मा ने फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर विषय में 100 अंक तथा साक्षी अग्रवाल ने अकाउंटेंसी में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की।

विद्यालय की प्रधानाचार्य अपूर्वा दास ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

अभिभावकों ने भी बच्चों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों को बधाई दी। उनका कहना था कि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सतत प्रयास ही इस सफलता की मजबूत नींव हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *