असम में अतुल बोरा को संसदीय कार्य विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम सरकार ने नवगठित विधानसभा के पहले सत्र से पूर्व मंत्री अतुल बोरा को अंतरिम व्यवस्था के तहत संसदीय कार्य विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में राज्यपाल द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली दूसरी मंत्रिपरिषद में शामिल अतुल बोरा फिलहाल पंचायत एवं ग्रामीण विकास, असम समझौता क्रियान्वयन, सीमा संरक्षण एवं विकास तथा आबकारी विभागों का दायित्व संभाल रहे हैं।
16 मई को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की सलाह पर असम के राज्यपाल ने अतुल बोरा को अंतरिम व्यवस्था के रूप में संसदीय कार्य विभाग से संबंधित मामलों की जिम्मेदारी भी सौंपने की स्वीकृति दी है।
यह निर्णय असम विधानसभा के नवगठित सदन के पहले सत्र से ठीक पहले लिया गया है, जिसकी शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है। चार दिवसीय यह विधानसभा सत्र 26 मई को संपन्न होगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पहले ही संकेत दिया था कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
इस बीच नई मंत्रिपरिषद में अतुल बोरा के अलावा रमेश्वर तेली, अंजता नियोग और चरण बोरो को भी शामिल किया गया है।

