नलबाड़ी में लायंस गौहाटी का नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर संपन्न, 158 लोगों की हुई जांच, मोतियाबिंद पीड़ितों का होगा मुफ्त इलाज
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 26 मई। लायंस क्लब ऑफ गौहाटी के तत्वावधान में तथा भारत विकास परिषद, असम प्रांत के सहयोग से नलबाड़ी स्थित जागरा हाई स्कूल में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी संजय संथोलिया ने बताया कि अध्यक्ष राजेश हंसारिया के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में लायंस आई हॉस्पिटल, गुवाहाटी का विशेष सहयोग रहा। शिविर के दौरान कुल 158 लोगों की नेत्र जांच की गई।
जांच में 23 लोगों में मोतियाबिंद तथा पांच लोगों में अन्य नेत्र संबंधी समस्याएं पाई गईं। मोतियाबिंद से पीड़ित सभी मरीजों का उपचार जल्द ही छत्रीबाड़ी स्थित लायंस आई हॉस्पिटल में नि:शुल्क किया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को दवाइयां और चश्मे भी वितरित किए गए।
आयोजकों ने बताया कि शिविर को सफल बनाने में लायंस क्लब ऑफ गौहाटी और भारत विकास परिषद के सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। क्लब की ओर से लायंस आई हॉस्पिटल के चिकित्सकों और टीम के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।

