चेतना लेडीज क्लब की पहल से दिव्यांगजनों को मिला नया संबल,10 जरूरतमंद लोगों को लगाए गए कृत्रिम पैर
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 27 मई। सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदनाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए चेतना लेडीज क्लब ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर उपलब्ध करवाए। ये कृत्रिम अंग दिसपुर स्थित जयपुर फुट मार्ट में विशेषज्ञों की देखरेख में सफलतापूर्वक लगाए गए।
लाभार्थियों ने विभिन्न दुर्घटनाओं में अपने पैर खो दिए थे, जिसके कारण उनका दैनिक जीवन काफी कठिन हो गया था। कृत्रिम पैर लगने के बाद उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास लौटा है। अब वे पहले की तरह आत्मनिर्भर होकर सामान्य जीवन जी सकेंगे। कृत्रिम अंग मिलने के बाद लाभार्थियों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
सभी लाभार्थियों एवं उनके परिवारों ने चेतना लेडीज क्लब के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था ने उनकी पीड़ा को समझते हुए उन्हें नया जीवन देने का कार्य किया है। इस सेवा प्रकल्प को सफल बनाने में क्लब की सभी सदस्याओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। क्लब की इस पहल की विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी सराहना की है।
इसी क्रम में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर क्लब की ओर से आर्य नगर स्थित शिव-शीतला-हनुमान मंदिर के सामने राहगीरों के बीच गन्ने के रस का वितरण भी किया गया। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने इस सेवा का लाभ उठाया। इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब की सदस्याओं ने सक्रिय सहयोग दिया।

