सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति ने मेधावी विद्यार्थियों व सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया सम्मानित

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति, इंग्लिशपटी (हैबरगांव), नगांव के तत्वावधान में रविवार को एचएसएलसी एवं एचएस परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है तथा विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।

समिति के अध्यक्ष श्याम बाबू साह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समिति भविष्य में भी ऐसे आयोजन करती रहेगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के सचिव अर्जुन कुमार महतो, संयुक्त सचिव गणेश गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष शंकर यादव, उपाध्यक्ष रामनरेश सिंह, जयलाल महतो एवं सुरेंद्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष रामाकांत शर्मा, सांस्कृतिक सचिव रविंद्र साह, सह सांस्कृतिक सचिव कृष्णा साह एवं प्रेमचंद चौहान, प्रचार सचिव मुन्ना रजक, सह प्रचार सचिव दीनानाथ राय, सदस्य रवि राय एवं प्रिंस कुमार साहनी सहित समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों, गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम प्रेरणा, सम्मान और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करने वाला एक यादगार आयोजन साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *