अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर महेश्वरी भवन में होगा विशेष योग शिविर, मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा एवं असम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट का संयुक्त आयोजन

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा एवं असम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 21 जून को एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन छत्रीबाड़ी स्थित महेश्वरी भवन में प्रातः 7:30 बजे से किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग के लिए एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” है। इसी विषय को केंद्र में रखकर आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

योग शिविर में अनुभवी योग प्रशिक्षक पत्रिमनि डेका एवं ऋतुपर्ण महंत प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा स्वास्थ्यवर्धक अभ्यासों का प्रशिक्षण देंगे। कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित के रूप में वरिष्ठ डाइटिशियन श्वेता जैन भी उपस्थित रहेंगी। वे प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार तथा वजन प्रबंधन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।

आयोजकों का कहना है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन और समग्र स्वास्थ्य का माध्यम है। आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है।

कार्यक्रम के संयोजक जितेंद्र कुमार जैन, महेंद्र नाहर एवं संजीत धूत ने सभी समाजबंधुओं, युवाओं, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर योग शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकता है, बल्कि एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में भी योगदान दे सकता है।

आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है तथा सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *