मारवाड़ी युवा मंच, बंगाईगांव जागृति शाखा ने काली मंदिर परिसर में स्थापित की ‘अमृत धारा’ पेयजल इकाई, श्रद्धालुओं और राहगीरों को मिलेगा शुद्ध एवं शीतल पेयजल
थर्ड आई न्यूज़
बंगाईगांव। सामाजिक सेवा और जनकल्याण के अपने सतत प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी युवा मंच, बंगाईगांव जागृति शाखा ने बाटा मोड़ स्थित काली मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए ‘अमृत धारा’ नामक स्थायी शुद्ध एवं शीतल पेयजल इकाई स्थापित की है।
इस जनोपयोगी पहल का उद्देश्य मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं, आगंतुकों तथा राहगीरों को स्वच्छ, सुरक्षित और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में यह सुविधा लोगों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी। शाखा द्वारा महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण हेतु निरंतर कार्य किया जाता रहा है। इसी सेवा भावना के अंतर्गत इस परियोजना को मूर्त रूप दिया गया।
इस अवसर पर आयोजित सादगीपूर्ण कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य न केवल लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता, सहयोग और जनकल्याण की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों तक अधिक से अधिक सुविधाएं पहुंचाना तथा सेवा कार्यों के माध्यम से जनहित में सार्थक योगदान देना है।
कार्यक्रम के दौरान जागृति शाखा की ओर से काली मंदिर समिति के अध्यक्ष निशित रंजन दास एवं सचिव अमित घोष को फुलाम गमोछा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं काली मंदिर समिति की ओर से मारवाड़ी युवा मंच, बंगाईगांव जागृति शाखा की अध्यक्ष दीपाली अग्रवाल एवं सचिव आयुषी बंसल को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।
स्थानीय श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने इस पहल के लिए मारवाड़ी युवा मंच, बंगाईगांव जागृति शाखा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे समाजहित में एक अनुकरणीय कदम बताया। कार्यक्रम में दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को संयुक्त रूप से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जागृति शाखा के सदस्य, काली मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

