अंबुबाची मेले के दौरान मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव कल, 17 वर्षीय कृति धानुका कर रहीं नेतृत्व, चार स्थानों पर लगेंगे रक्तदान शिविर, युवाओं और श्रद्धालुओं से आगे आने की अपील
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 22 जून। विश्व प्रसिद्ध अंबुबाची मेले के अवसर पर 23 जून को गुवाहाटी में एक मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। मानवता और सेवा की भावना से प्रेरित इस विशेष अभियान का नेतृत्व 17 वर्षीय युवा समाजसेवी एवं चेंजमेकर कृति धानुका कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य मेले के दौरान तथा उसके बाद भी अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना है।
कृति धानुका ने बताया कि इच्छुक नागरिक चार विभिन्न स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में भाग लेकर इस अभियान को सफल बना सकते हैं। रक्तदान शिविर भांगागढ़ स्थित जीएमसीएच ब्लड बैंक, छत्रीबाड़ी स्थित परशुराम सेवा सदन, सोनापुर स्थित मेफेयर स्प्रिंग वैली रिसोर्ट तथा पलाशबाड़ी स्थित मां मनसा फैक्ट्री में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रक्त की एक यूनिट तीन लोगों तक का जीवन बचाने में सहायक हो सकती है। दुर्घटना पीड़ितों, थैलेसीमिया रोगियों, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों तथा आपातकालीन चिकित्सा सहायता की आवश्यकता वाले लोगों के लिए रक्तदान जीवनदायी साबित होता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
अंबुबाची मेले जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए रक्त की मांग में भी वृद्धि होती है। ऐसे समय में यह मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव समाज के प्रति उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।
अपने रक्तदान जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए कृति धानुका ने सोमवार को विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों का दौरा किया। उन्होंने गौ सेवकों तथा फाटाशिल स्थित शिरडी साईं बाबा मंदिर सहित कई स्थानों पर लोगों से मुलाकात कर रक्तदान के महत्व और उसके लाभों की जानकारी दी। इस दौरान मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव से संबंधित फ्लायर भी वितरित किए गए।
कम उम्र में समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। अनेक सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने इस पहल को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।
अंबुबाची मेले के पावन अवसर पर आयोजित यह मेगा रक्तदान अभियान सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

