अंबुबाची मेले में श्रद्धालुओं की सेवा हेतु ‘अपनी चौपाल’ का विशाल भंडारा, साधु-संतों एवं भक्तों को मिल रही निःशुल्क सुविधा

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। अंबुबाची महायोग मेले में देश-विदेश से आने वाले साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘अपनी चौपाल’ द्वारा पांडू पोर्ट स्थित पांडूनाथ पंचगणेश देवालय परिसर में विशाल भंडारे एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया है। पांडूनाथ देवालय समिति के सहयोग से संचालित इस सेवा शिविर का लाभ प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु उठा रहे हैं।

संस्था की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 27 जून तक चलने वाले इस सेवा शिविर में बाहर से आने वाले साधु-संतों, दर्शनार्थियों एवं श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन और आवास की व्यवस्था की गई है। भंडारे में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप भोजन परोसा जा रहा है।

इस सेवा अभियान को सफल बनाने में पांडूनाथ देवालय समिति का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। वहीं गौशाला मित्र परिवार तथा राजमल कमलचंद सेठिया चैरिटेबल ट्रस्ट सह-प्रायोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके अतिरिक्त अनेक समाजसेवियों, सहयोगियों और मित्रों का भी भरपूर योगदान मिल रहा है।

अपनी चौपाल के प्रमुख सलाहकार अशोक थर्ड ने बताया कि पांडूनाथ देवालय के प्रमुख निमाई चंद्र दास, समाजसेवी पदम सेठिया, राज कुमार अग्रवाल, मंदिर के पुजारियों तथा कार्यकर्ताओं के समर्पण और अथक प्रयासों से भंडारे का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंबुबाची मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना संस्था के लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है।

संस्था के सदस्य भी प्रतिदिन सेवा शिविर में उपस्थित रहकर पूर्ण श्रद्धा और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं।

संस्था के प्रवक्ता रतन खाखोलिया ने बताया कि ‘अपनी चौपाल’ केवल अन्न सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था भविष्य में भी जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता अभियान तथा वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

पांडूनाथ देवालय के प्रमुख निमाई चंद्र दास ने बताया कि अंबुबाची मेले के दौरान चल रहे इस विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और संस्था की सेवा भावना की सराहना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, सहयोग और मानव सेवा का यह प्रयास मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष सहारा सिद्ध हो रहा है।

अंबुबाची मेले के दौरान संचालित यह सेवा शिविर श्रद्धालुओं को न केवल भोजन और आवास की सुविधा उपलब्ध करा रहा है, बल्कि सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *