अंबुबाची महायोग में लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी गोल्ड की चार दिवसीय सेवा बनी श्रद्धालुओं का संबल
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 25 जून 2026। माँ कामाख्या के पावन अंबुबाची महायोग के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी गोल्ड, डिस्ट्रिक्ट 322G द्वारा प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी चार दिवसीय निःशुल्क जल एवं जूस सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। 22 जून से 25 जून 2026 तक संचालित इस सेवा शिविर के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी के बीच शीतल जल एवं जूस उपलब्ध कराकर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। प्रतिदिन लगभग 20,000 श्रद्धालुओं ने इस सेवा का लाभ प्राप्त किया।
“शक्ति की उपासना, सेवा का प्रण” थीम पर आधारित इस सेवा अभियान का संचालन क्लब अध्यक्ष लायन दीपक भजनका, सचिव लायन सुमित हिसारिया तथा कोषाध्यक्ष लायन राकेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। प्रोजेक्ट चेयरपर्सन लायन विक्रम अग्रवाल, लायन बंटी अग्रवाल, लायन कृष्णा बंसल एवं लायन मनिंदर शर्मा के नेतृत्व में क्लब के सभी सदस्यों ने पूरे समर्पण एवं सेवा भाव के साथ इस महत्त्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लायन दीपक भजनका ने कहा कि माँ कामाख्या केवल एक शक्तिपीठ ही नहीं, बल्कि सृष्टि, शक्ति और नारी सम्मान की दिव्य प्रतीक हैं। अंबुबाची महायोग भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के गौरव, सृजनशीलता और सम्मान का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन अवसर पर देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना क्लब के लिए गर्व, सौभाग्य और आध्यात्मिक संतोष का विषय है।
गोल्ड क्लब की जनसंपर्क अधिकारी लायन जया पारीक ने बताया कि चार दिनों तक चले इस सेवा शिविर में क्लब के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी परिचय दिया। श्रद्धालुओं ने भी क्लब द्वारा प्रदान की गई इस निःस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
शिविर के समापन अवसर पर क्लब पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं सेवा कार्य में सहभागी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में भी समाजहित, जनकल्याण और मानव सेवा के ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

