टैली सॉल्यूशंस के संस्थापक भरत गोयनका ने गुवाहाटी के वरिष्ठ सीए भंवर लाल पुरोहित को ‘लाइफटाइम लेगेसी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 13 जुलाई। देश की अग्रणी अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर कंपनी टैली सॉल्यूशंस ने सीए डे-2026 के अवसर पर गुवाहाटी के वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए भंवर लाल पुरोहित को प्रतिष्ठित ‘लाइफटाइम लेगेसी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। यह सम्मान टैली सॉल्यूशंस के संस्थापक भरत गोयनका ने उन्हें चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में आजीवन उत्कृष्ट योगदान, अनुकरणीय नेतृत्व, निस्वार्थ मार्गदर्शन तथा पेशेवर मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किया।
पुरस्कार प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया है कि सीए भंवर लाल पुरोहित ने अपने लंबे व्यावसायिक जीवन में चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके कार्य, नेतृत्व और मार्गदर्शन ने अनेक पीढ़ियों के पेशेवरों को प्रेरित किया है।
सीए भंवर लाल पुरोहित गुवाहाटी के सबसे वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने लंबे पेशेवर जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका बेदाग़ और सम्मानजनक व्यावसायिक जीवन युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जाता है।

विशेष बात यह है कि उनके परिवार की तीन पीढ़ियां चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे से जुड़ी हैं। उनके पुत्र और भतीजे के साथ-साथ अब उनके पोते ने भी चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में कदम रखकर इस गौरवशाली पेशेवर परंपरा को आगे बढ़ाया है।
पेशेवर क्षेत्र के साथ-साथ सीए भंवर लाल पुरोहित सामाजिक जीवन में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। गुवाहाटी की अनेक सामाजिक, धार्मिक और जनसेवी संस्थाओं से उनका प्रत्यक्ष एवं परोक्ष जुड़ाव रहा है तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में उनका योगदान उल्लेखनीय माना जाता है।
उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर चार्टर्ड अकाउंटेंट बिरादरी के साथ-साथ गुवाहाटी की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संस्थाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने इसे न केवल सीए भंवर लाल पुरोहित की व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर के चार्टर्ड अकाउंटेंसी जगत के लिए गौरव का विषय बताया है।

