असम का अपना ओटीटी प्लेटफॉर्म होगा लॉन्च, क्षेत्रीय कलाकारों और असमिया संस्कृति को मिलेगा नया मंच

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 13 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने घोषणा की है कि असम सरकार राज्य का अपना समर्पित ओटीटी (ओवर-द-टॉप) प्लेटफॉर्म शुरू करेगी। इस पहल का उद्देश्य असमिया सिनेमा, लोक संगीत, वृत्तचित्र, साहित्य और अन्य क्षेत्रीय रचनात्मक सामग्री को डिजिटल मंच उपलब्ध कराना तथा स्थानीय कलाकारों और रचनाकारों को व्यापक पहचान दिलाना है।

मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “प्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, अब थोड़ा स्थान बनाइए, असम भी इस सूची में शामिल होने जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि असम बजट 2026 में राज्य के लिए एक समर्पित ओटीटी प्लेटफॉर्म की परिकल्पना की गई है, जहां असमिया सिनेमा, लोक संगीत, डॉक्यूमेंट्री, साहित्य और स्थानीय कहानियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसे “अपने घर-आंगन की कहानियों को देखने और महसूस करने का नया मंच” बताया।

प्रस्तावित ओटीटी प्लेटफॉर्म से असम के फिल्म निर्माताओं, संगीतकारों, लेखकों और अन्य कंटेंट क्रिएटर्स को अपनी रचनाओं को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। हालांकि, प्लेटफॉर्म के लॉन्च की तिथि और संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी अभी जारी नहीं की गई है।

राज्य सरकार का मानना है कि यह पहल असम की भाषा, संस्कृति और रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर में मेघालय पहले ही ‘हेलो मेघालय’ नाम से राज्य समर्थित ओटीटी प्लेटफॉर्म शुरू कर चुका है, जहां खासी, गारो और जयंतिया भाषाओं की फिल्में, संगीत और अन्य स्थानीय सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। अब असम भी अपना डिजिटल मंच विकसित कर क्षेत्रीय मनोरंजन और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *