श्रीराम कथा प्रशिक्षण का भव्य समापन, पश्चिम बंगाल के विधायक अजीत कुमार जाना का हुआ अभिनंदन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 13 जुलाई। श्रीहरि सत्संग समिति, पूर्वोत्तर द्वारा आयोजित श्रीराम कथा प्रशिक्षण का भव्य समापन एवं अभिनंदन समारोह रविवार को भांगागढ़ स्थित जीएमसीएच के प्रेक्षागृह में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ मंगलाचरण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में माजुली स्थित उत्तर कमलाबारी सत्र के सत्राधिकार प्रभु जनार्दन देव गोस्वामी, उत्तर गुवाहाटी के महामंडलेश्वर केशव दास महाराज, इस्कॉन मंदिर, गुवाहाटी के अध्यक्ष जनार्दन दास, समिति के चेयरमैन कैलाश लोहिया, कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कयाल, मार्गदर्शक अरुण कुमार बजाज, सचिव बाल किशन पोद्दार, रामअवतार भरतिया, आनंद पोद्दार तथा संगठन मंत्री प्रमोद राजवंशी उपस्थित थे।
कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कयाल ने स्वागत भाषण में समिति की गतिविधियों तथा प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। चेयरमैन कैलाश लोहिया ने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में संस्कार, सेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त सभी कथाकारों से समाज में धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने हाल ही में पश्चिम बंगाल के दांतन विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होने पर समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार जाना को बधाई भी दी।
संगठन मंत्री प्रमोद राजवंशी ने प्रशिक्षण का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं मार्गदर्शक अरुण कुमार बजाज ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से समिति की सेवा एवं धार्मिक गतिविधियों का विस्तृत परिचय दिया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कथावाचक बहनों द्वारा पिछले एक वर्ष में 4,000 से अधिक श्रीराम कथाएं तथा 5,500 से अधिक सत्संग आयोजित किए जा चुके हैं। समिति के रथ के माध्यम से 200 से अधिक गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं तथा संगठन पूर्वोत्तर के 2,000 से अधिक गांवों में सक्रिय होकर समाज एवं राष्ट्रोत्थान के कार्यों में योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार जाना का पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए विधायक निर्वाचित होना पूरे संगठन परिवार के लिए गर्व का विषय है और यह समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान भी है।
इस अवसर पर अजीत कुमार जाना का विधायक निर्वाचित होने पर समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। वहीं जोरहाट में समिति को कार्यालय उपलब्ध कराने तथा उल्लेखनीय योगदान के लिए महेश बेड़िया को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कथाकारों को भी सम्मानित किया गया। इनमें सुमी किषान को सर्वश्रेष्ठ कथाकार, रिचा पायंग को सर्वाधिक कथा प्रस्तुति, जुनाली बोरा को समिति सक्रियता, गायत्री रबिदास को कार्यक्रम प्रबंधन तथा जितुमनी दहोतिया को परावर्तन श्रेणी में सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रभु जनार्दन देव गोस्वामी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि श्रीराम कथा मानव जीवन को सदाचार, मर्यादा और सेवा का मार्ग दिखाती है। उन्होंने प्रशिक्षित कथाकारों से अधिक से अधिक लोगों तक भगवान श्रीराम के आदर्शों को पहुंचाने का आह्वान किया।
महामंडलेश्वर केशव दास महाराज तथा इस्कॉन मंदिर, गुवाहाटी के अध्यक्ष जनार्दन दास ने भी अपने संबोधन में कहा कि आध्यात्मिक शिक्षा और संस्कार ही समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने श्रीहरि सत्संग समिति, पूर्वोत्तर द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
समापन समारोह से पूर्व प्रशिक्षण प्राप्त कथाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया तथा समाज में श्रीराम कथा के व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प दोहराया। प्रिया एवं अर्चना कश्यप ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बहनों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति कार्यक्रम तथा अर्चना कश्यप के भक्ति गीतों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रशिक्षण प्राप्त कथाकार कमला मुड़ा ने श्रीराम कथा का भावपूर्ण प्रवचन प्रस्तुत किया, जबकि दमयंती राभा एवं निर्मला सिमियारो ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अपने अनुभव साझा करते हुए समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों का संचालन प्रदीप भुवालका, पंकज पोद्दार एवं पंकज जालान ने किया।
समारोह का समापन सचिव बाल किशन पोद्दार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने संत-महात्माओं, अतिथियों, प्रशिक्षकों, कथाकारों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीहरि सत्संग समिति, पूर्वोत्तर भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं समाजोपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी।

