नगांव में बाढ़ का कहर, 52 से अधिक गांव जलमग्न; 2,827.5 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

जिले में लगातार हो रही बारिश और निशिरी, दीजू तथा हारिया नदियों के बढ़ते जलस्तर ने बाढ़ की स्थिति को गंभीर बना दिया है। बाढ़ का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और अब तक जिले के 52 से अधिक गांव जलमग्न हो चुके हैं। हजारों लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि कृषि और पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार सामागुड़ी राजस्व चक्र के 19 गांव, नगांव सदर राजस्व चक्र के 11 गांव तथा कामपुर राजस्व चक्र के 22 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इससे पहले कलियाबर और सामागुड़ी क्षेत्र के कई गांव पहले ही बाढ़ से प्रभावित हो चुके थे।

कामपुर राजस्व चक्र के तेतेलीसरा ग्रांट, महगढ़, पूर्व एवं पश्चिम कावैमारी, पश्चिम नामबर लालुंग गांव, पश्चिम कठियातली, सरुपथार, मिकिरगांव, गरुबंधा, तेतेलीसरा, पूर्व एवं पश्चिम खालैभंगा, बामुनीजान, दरंगीगांव, कछारीखंदा, केकुरीबाड़ी, भलुकागुरी तथा कलाइखोवा सहित कई गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है।

इसी प्रकार नगांव सदर राजस्व चक्र के गरेहागी, दक्षिण गमारीआटी, बरकंदली मिकिरगांव, उरिया ग्रांट रंगलु, मिकिरपुर उरिया, कचुपीट और चकरी गांव भी जलमग्न हैं। वहीं सामागुड़ी राजस्व चक्र के सोनारीबाली, मिसागांव, खलिहामारी, शियालखाटी, पामगांव, आमनीगांव, सामागुड़ी ग्रांट, नंबर-2 गरुमरा, बरदल, कठालगुरी, भोमोरागुरी, नंबर-2 भरागुरी तथा पदुमनी गांव भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

प्रशासन के अनुसार तीनों राजस्व चक्रों में करीब 2,699 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण 2,827.5 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, जबकि 4,000 से अधिक पशुधन भी प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

इस बीच शिलघाट में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से नीचे बह रहा है। कामपुर में कपिली नदी भी फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। हालांकि नगांव शहर में कलंग नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर अभी खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर नीचे है, लेकिन निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *