पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गोयनका का दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरा, ‘तेजस्विता’ अधिवेशन में होंगे शामिल

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 5 अगस्त। पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गोयनका 7 अगस्त को दो दिवसीय पूर्वोत्तर प्रवास पर गुवाहाटी पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे सम्मेलन के प्रथम महिला अधिवेशन ‘तेजस्विता’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं सेवा कार्यों की समीक्षा करेंगे।

सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक ने बताया कि 8 अगस्त की सुबह पवन गोयनका असम माहेश्वरी भवन, गुवाहाटी में आयोजित ‘तेजस्विता’ अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे। इसके उपरांत वे सम्मेलन द्वारा निर्माणाधीन महिला छात्रावास का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेंगे।

असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पवन गोयनका 8 अगस्त की रात्रि गुवाहाटी से जोरहाट के लिए रवाना होंगे। 9 अगस्त को वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं सेवा कार्यों में जुटी सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और उनके कार्यों का उत्साहवर्धन करेंगे। सम्मेलन ने इस सेवा यात्रा में शामिल होने के इच्छुक सदस्यों से पूर्व सूचना देने का अनुरोध किया है।

बाढ़ राहत अभियान के तहत पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन ने 1,000 राहत किट तैयार करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक किट में एक गद्दा, एक तकिया, एक बेडशीट, एक तकिया कवर तथा एक मच्छरदानी शामिल होगी। इन राहत किटों का वितरण मंडल पदाधिकारियों के समन्वय से सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं के माध्यम से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त राहत सामग्री के रूप में 500 मेखला-चादर भी वितरित की जाएंगी।

सम्मेलन ने विश्वास व्यक्त किया है कि समाज के सहयोग से बाढ़ राहत एवं पुनर्वास का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *