भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा ने बाढ़ पीड़ितों के लिए बढ़ाया सहयोग का हाथ, गुवाहाटी प्रेस क्लब को सौंपी राहत सामग्री
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 5 अगस्त। असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक संगठन लगातार आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा ने मानवीय पहल करते हुए गुवाहाटी प्रेस क्लब को राहत एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री सौंपी, ताकि इसे बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा सके।
संस्था की प्रांतीय अध्यक्ष संतोष शर्मा, मंत्री डिंपल शर्मा, कोषाध्यक्ष शांति कुंडलिया तथा कार्यकारिणी सदस्य रेखा गोयल, ममता शर्मा और सारिका शर्मा की उपस्थिति में राहत सामग्री गुवाहाटी प्रेस क्लब को सौंपा गया।
राहत सामग्री में 50 टोपियां, 50 चाय बनाने के बर्तन, 50 चाय के गिलास, 50 स्टील की थालियां, 50 कटोरियां, 50 चम्मच, 50 पानी पीने के गिलास तथा 50 मेखला-चादर शामिल हैं। इसके अलावा बाल्टियां, टी-शर्ट, टॉर्च, चावल और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर गुवाहाटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष खगेन कलिता ने भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा की इस सेवा पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा आगे बढ़कर राहत कार्यों में सहयोग करना अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान खगेन कलिता ने संतोष शर्मा का पारंपरिक असमिया फुलाम गामोछा ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा की ओर से खगेन कलिता सहित उपस्थित पत्रकारों का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर गुवाहाटी प्रेस क्लब एवं संस्था की ओर से वरिष्ठ पत्रकार विवेक सांगानेरिया के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके प्रयासों से राहत सामग्री जरूरतमंदों तक पहुंचाने की इस सेवा पहल को प्रभावी रूप दिया जा सका।
प्रांतीय अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की पीड़ा को देखते हुए संगठन लगातार राहत एवं सेवा कार्यों में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के मानवीय अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

